ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत सेवड़ा चंडी के गांव बंबेली निवासी संस्कृत शिक्षक कामेश्वर शर्मा की त्रिभाषा सूक्ति-संग्रह पुस्तक ‘द क्वेस्ट फॉर विज़डम: प्रज्ञाया: अन्वेषणम्’ का द्वितीय संस्करण भारतीय नौसेना प्रमुख दिनेश कुमार त्रिपाठी द्वारा विमोचित किया गया। इस अवसर पर पुस्तक को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष गरिमा प्राप्त हुई।

यह कृति संस्कृत, हिंदी और अंग्रेज़ी तीनों भाषाओं में प्रकाशित की गई है। पुस्तक में सर्वप्रथम संस्कृत की चयनित सूक्तियाँ दी गई हैं, जिनका सरल हिंदी और अंग्रेज़ी में अर्थ भी साथ प्रस्तुत किया गया है। सूक्तियों का संकलन संस्कृत के विभिन्न प्राचीन ग्रंथों से किया गया है। पुस्तक का उद्देश्य जीवन में सकारात्मक चिंतन को बढ़ावा देना तथा भारतीय ज्ञान परंपरा के मूल्यों का व्यापक प्रसार करना है।

कामेश्वर शर्मा पिछले लगभग 15 वर्षों से रक्षा मंत्रालय के सैनिक स्कूल रीवा में संस्कृत शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। इसके साथ ही वे राष्ट्रीय कैडेट कोर में प्रथम अधिकारी के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें पूर्व में नौसेना के वरिष्ठ कमांड अधिकारी द्वारा प्रशंसा-पत्र से सम्मानित किया जा चुका है।
त्रिभाषीय स्वरूप में प्रकाशित यह पुस्तक विद्यार्थियों, अध्यापकों और सामान्य पाठकों के लिए समान रूप से उपयोगी मानी जा रही है। अर्की क्षेत्र के लिए यह उपलब्धि गौरव का विषय बनी हुई है और क्षेत्रवासियों ने इस सफलता पर हर्ष व्यक्त किया है।




