ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– अर्की के राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों ने विज्ञान एवं गणित ओलंपियाड में उत्साहपूर्वक भाग लेकर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यार्थियों की उपलब्धियों के उपलक्ष्य में विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें प्रधानाचार्य राज कुमार गौतम ने विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया।

विद्यालय के मीडिया प्रभारी वीरेंद्र ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि विज्ञान ओलंपियाड में लक्ष्य और हेमंत सहगल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कुशल ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि ज्योतिर्मय और कनव ने तृतीय स्थान प्राप्त कर सराहनीय प्रदर्शन किया।

गणित ओलंपियाड में कनव, हितेश, हेमंत और कुशल ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। जतिन और ज्योतिर्मय द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि दुश्यंत ने तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रधानाचार्य राज कुमार गौतम ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में तार्किक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास करती हैं। उन्होंने शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की मेहनत की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन की अपेक्षा जताई।




