ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- हिमाचल पथ परिवहन निगम हिमाचल पथ परिवहन निगम में 37 वर्षों तक विभिन्न पदों पर सेवाएं देने वाले सेवानिवृत्त क्षेत्रीय प्रबंधक परमानंद शर्मा का 83 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे भूमती (अर्की) के निवासी थे। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

स्व. परमानंद शर्मा ने एचआरटीसी में अपने लंबे सेवाकाल के दौरान अनेक महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने बिलासपुर, नालागढ़ तथा कुल्लू डिपो के अंतर्गत मनाली में ट्रैफिक मैनेजर के रूप में सेवाएं दीं। अपने कार्यकाल के अंतिम चरण में वे एचआरटीसी मंडी डिपो से आरएम (इन्क्वायरी) के पद से सेवानिवृत्त हुए। वे एक कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार एवं अनुशासित अधिकारी के रूप में जाने जाते थे।

उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए हिमाचल पेंशरज फेडरेशन द्वारा उन्हें सम्मानित भी किया गया था। स्व. परमानंद शर्मा का परिवार गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार से जुड़ा रहा और सामाजिक व आध्यात्मिक गतिविधियों में सक्रिय रहा।
उनके निधन पर पंचायत प्रधान योगेश गौतम, उप प्रधान गोपाल वर्मा सहित पंचायत पदाधिकारियों एवं समस्त पंचायत वस्सी, सामाजिक व धार्मिक संगठनों तथा क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।


