ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़ :- उपमण्डल अर्की के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चंडी में लंबे समय से चिकित्सक का पद रिक्त चल रहा था, जिसके कारण स्वास्थ्य सेवाएं डेपुटेशन पर ही निर्भर थीं। अब क्षेत्र की इस महत्वपूर्ण समस्या का समाधान हो गया है।

ग्राम सरयांज निवासी डॉ. मुकुल ठाकुर ने वीरवार को चंडी स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। डॉ. मुकुल ठाकुर का संबंध सरयांज पंचायत से है। उनके पिता ज्ञान चंद ठाकुर भी स्वास्थ्य विभाग में अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके बेटे ने टांडा मेडिकल कॉलेज से अपनी एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की है और बेटे की उपलब्धि पर हर्ष प्रकट किया है।

चंडी, सरयांज व बाड़ीधार क्षेत्र के लोगों ने भी डॉ. मुकुल की नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त की है। ग्रामीणों का कहना है कि चिकित्सक के नियमित रूप से उपलब्ध होने से मरीजों को अब समय पर उपचार मिलेगा और उन्हें दूरस्थ अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सरकार व स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र की प्राथमिक आवश्यकता पूरी होने से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।



