ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- भारतीय जनता पार्टी ने अर्की के प्रतिष्ठित व्यवसायी व समाजसेवी सोनू सोनी को भाजपा जिला सोलन का सह मीडिया प्रभारी नियुक्त किया है। पार्टी द्वारा उन्हें यह दायित्व संगठन में उनके लंबे समय से किए जा रहे समर्पित योगदान को देखते हुए सौंपा गया है।

सोनू सोनी वर्ष 2000 से भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता हैं और बाल्यकाल से स्वयंसेवक भी रहे हैं। वे वर्तमान में सरस्वती विद्या मंदिर विद्यालय अर्की की विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हैं और शिक्षा क्षेत्र में भी सक्रिय योगदान दे रहे हैं।

संगठन में उन्होंने विभिन्न दायित्वों का कुशलता से निर्वहन किया है। वर्ष 2005 में नगर भाजपा अर्की के उपाध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने 2008 में भाजयुमो जिला सोलन के उपाध्यक्ष, 2011, 2014 और 2017 में भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य, 2014 में भाजपा प्रदेश खेल प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष, 2019 से 2022 तक प्रदेश युवा सेवाएं एवं खेल बोर्ड के सदस्य और 2020 से 2023 तक भाजयुमो प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य के रूप में संगठन में सक्रिय भूमिका निभाई।

सोनू सोनी ने सह मीडिया प्रभारी जैसे महत्त्वपूर्ण दायित्व के लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है और कहा है कि वे संगठन की नीतियों व योजनाओं को मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
उनकी इस नियुक्ति पर संगठन के सभी कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों द्वारा उन्हें हार्दिक बधाइयां दी जा रही हैं।



