जिला शिमला में भी स्कूलों और कॉलेजों में संस्कृत प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- हिमाचल प्रदेश में आगामी 6 अगस्त से 12 अगस्त तक संस्कृत सप्ताह का आयोजन श्रावण पूर्णिमा से तीन दिन पहले प्रारंभ होता है और श्रावण पूर्णिमा के तीन दिन बाद तक मनाया जाता है। रक्षाबंधन पर्व वाले दिन ही संस्कृत दिवस का आयोजन समस्त विश्व में किया जाता है।

शिमला संस्कृत परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रेम प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला शिमला के सभी विद्यालयों में सप्ताह भर विविध संस्कृत गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। इनमें संस्कृत श्लोक कंठपाठ प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, गीत गायन, संदेश लेखन, संस्कृत नाट्य मंचन, शुभकामना लेखन जैसी प्रतियोगिताएं शामिल होंगी।

संस्कृत सप्ताह का उद्देश्य प्राचीन भाषा संस्कृत के प्रचार-प्रसार और विद्यार्थियों में इसके प्रति रुचि को बढ़ाना है। डॉ. प्रेम प्रकाश ने बताया कि महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, मंदिरों और घरों में भी वेद पाठ, श्लोक पाठ, नाटक और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन होगा।
सन् 1969 से मानव संसाधन विकास मंत्रालय के आदेशानुसार पूरे भारत में श्रावणी पूर्णिमा को संस्कृत दिवस के रूप में मनाने की परंपरा चली आ रही है। तभी से संस्कृत सप्ताह भी व्यापक रूप से मनाया जाने लगा।

संस्कृत भारती संस्था के माध्यम से भी पूरे देश में यह सप्ताह आयोजन किया जाएगा जिसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

डॉ. प्रेम प्रकाश ने कहा कि संस्कृत केवल भाषा नहीं, बल्कि भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का मूल आधार है और इसे संरक्षित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।



