ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज :-अर्की उपमण्डल के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम बाघल होटल के कर्मचारियों ने शुक्रवार को होटल परिसर में पौधारोपण अभियान चलाया। यह कार्यक्रम एचपीटीडीसी मुख्यालय के निर्देशों के तहत हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया गया।

पौधारोपण के दौरान वन विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए देवदार और अन्य फलदार पौधों को रोपा गया। इस अवसर पर होटल प्रबंधक अमर सिंह ठाकुर ने बताया कि पर्यावरण को संतुलित रखने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए पौधारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्द्धन करना भी उतना ही जरूरी है।

प्रबंधक ने आगे कहा कि बाघल होटल परिसर व उसके आसपास हरियाली का विस्तार न केवल पर्यटकों को आकर्षित करेगा, बल्कि स्थानीय लोगों को भी स्वच्छ और ताजगीभरा वातावरण उपलब्ध कराएगा। इस पहल से क्षेत्र की जैव विविधता को भी बल मिलेगा।
इस कार्यक्रम में एचपीटीडीसी के सभी सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए सामूहिक संकल्प लिया।





