अर्की की प्रगति ठाकुर बनीं सेना में अधिकारी, पासिंग आउट परेड में मिला गोल्ड मेडल

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- अर्की उपमंडल की ग्राम पंचायत बसंतपुर के कहडोग गांव की प्रगति ठाकुर ने भारतीय सेना में अधिकारी बनकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने ऑफिसर ट्रेनिंग अकादमी (OTA) चेन्नई से प्रशिक्षण पूर्ण कर 332 आर्टिलरी रेजिमेंट में अपनी नियुक्ति प्राप्त की है।

प्रगति ठाकुर ने पूरे बैच में सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल हासिल किया। वह अकादमी अंडर ऑफिसर (AUO) भी रहीं, जो कैडेट्स के लिए सबसे वरिष्ठ पद होता है।

8 मार्च 2025 को चेन्नई स्थित ऑफिसर ट्रेनिंग अकादमी में भव्य पासिंग आउट परेड आयोजित हुई, जिसमें 133 पुरुष और 24 महिला कैडेट्स भारतीय सेना में विभिन्न शाखाओं में शामिल हुए। इस दौरान प्रगति ठाकुर को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया।

लेफ्टिनेंट जनरल जॉनसन पी. मैथ्यू ने परेड की समीक्षा की और नए अधिकारियों को ‘राष्ट्र की निस्वार्थ सेवा’ का संकल्प दिलाया। उन्होंने कैडेट्स को उत्कृष्टता की राह पर चलते रहने के लिए प्रेरित किया।

प्रगति ठाकुर के सेना में अधिकारी बनने और गोल्ड मेडल हासिल करने की खबर से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। उनके पिता बालक राम भारतीय सेना से ऑनरेरी कैप्टन के रूप में सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि माता मीना ठाकुर गृहिणी हैं।

प्रगति ने केंद्रीय विद्यालय जतोग से 12वीं तक की शिक्षा प्राप्त की और संजौली कॉलेज से स्नातक की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने संयुक्त रक्षा सेवा (CDS) परीक्षा उत्तीर्ण की और सेवा चयन बोर्ड (SSB) साक्षात्कार पास कर यह गौरवशाली उपलब्धि हासिल की।

प्रगति ठाकुर की इस उपलब्धि ने हिमाचल प्रदेश के युवाओं, विशेष रूप से महिलाओं के लिए एक प्रेरणा का कार्य किया है। उनके परिश्रम और समर्पण से यह साबित हुआ कि दृढ़ निश्चय और मेहनत से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। प्रगति बचपन से ही पढ़ाई में अव्वल रही हैं और अपने माता-पिता, शिक्षकों , अपने चाचा भुवनेश्वर तथा ताया हीरासिंह ठाकुर को अपनी सफलता का श्रेय देती हैं, जिन्होंने उन्हें हमेशा प्रोत्साहित किया है। प्रगति ठाकुर की इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में गर्व की भावना है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page