ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज:- हिमाचल प्रदेश पुलिस के पहले पुलिस महानिदेशक आई.बी. नेगी (सेवानिवृत्त) के निधन पर पुलिस विभाग और प्रदेशभर में शोक की लहर है। आई.बी. नेगी का जन्म 31 अक्तूबर 1932 को किन्नौर जिले के सांगला गांव में हुआ था। वे 1958 बैच के आईपीएस अधिकारी थे और उत्तर प्रदेश कैडर से जुड़े थे। अपने लंबे व प्रतिष्ठित करियर में उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया।

आई.बी. नेगी ने उत्तर प्रदेश में राज्यपाल के एडीसी के रूप में सेवाएं दीं और नैनीताल व लखीमपुर खीरी में पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यभार संभाला। इसके अलावा, वे लखनऊ में एसपी और सीआईडी, उत्तर प्रदेश में भी कार्यरत रहे। उन्होंने अर्धसैनिक बलों में भी अहम योगदान दिया, जिसमें आईटीबीपी और एसएसबी के तहत उत्तर-पूर्व सीमांत क्षेत्र और अरुणाचल प्रदेश में तैनाती शामिल रही।
1978 में दिल्ली पुलिस आयुक्तालय की स्थापना में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके अलावा, वे सीआरपीएफ अकादमी, माउंट आबू में उपनिदेशक और एसएसबी शिमला में निदेशक पद पर भी कार्यरत रहे। 1986 में उन्हें हिमाचल प्रदेश पुलिस के पहले डीजीपी के रूप में नियुक्त किया गया, जहां वे 1990 में अपनी सेवानिवृत्ति तक इस पद पर रहे।
मुख्यमंत्री सहित कई नेताओं ने जताया शोक
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश के पहले डीजीपी आई.बी. नेगी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि नेगी ने पुलिस सेवा में उल्लेखनीय योगदान दिया और उनकी सेवाएं हमेशा याद रखी जाएंगी। वहीं, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने भी उनके निधन पर संवेदनाएं प्रकट की हैं।
आई.बी. नेगी का शिमला में निधन हुआ, वे 93 वर्ष के थे। उनके जाने से प्रदेश ने एक अनुभवी और समर्पित पुलिस अधिकारी खो दिया है।



