
ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज़:-दाड़लाघाट,राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर की अध्यक्षता में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अंबुजा सीमेंट फाउंडान की तरफ से आरती सोनी और स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नीम चंद ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

कार्यक्रम की शुरुआत वैज्ञानिक सीवी रमन की फोटो पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने से हुई। इसके बाद प्रवक्ता जीव विज्ञान नीलम शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि आज का दिन महान विज्ञानिक सर सीवी रमन को समर्पित है। उन्होंने 28 फरवरी 1928 को रमन प्रभाव की खोज की थी,जिसने भौतिकी के क्षेत्र में एक नए युग की शुरुआत की। इस खोज के लिए उन्हें 1930 में भौतिकी के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्होंने आगे बताया कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस को मनाने का उद्देश्य विज्ञान के क्षेत्र में शोध और विकास को बढ़ावा देना है,साथ ही साथ विज्ञान के प्रति जागरूकता और रुचि को बढ़ावा देना है।

इस अवसर पर विद्यालय में विज्ञान विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। मीडिया प्रभारी अमर सिंह वर्मा ने बताया कि जिसमें छः टीमों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में टीम डी जिसमें मुस्कान,स्नेहा,कनिका और गौरव ने प्रथम स्थान हासिल किया,जबकि टीम सी जिसमें केशवी,दीक्षा,सोनाक्षी और पिंकी ने द्वितीय और टीम ई जिसमें निहारिका,तान्या,हरीश और रिया ने तृतीय स्थान हासिल किया। मुख्य अतिथि ने विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए।

प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर ने सभी प्रतिभागियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विज्ञान के क्षेत्र में शोध और विकास के लिए हमें हमेशा प्रयासरत रहना चाहिए। इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे।





