शाबाश विदुषी! अर्की की बेटी ने यूजीसी-नेट में हासिल की शानदार सफलता

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज:- बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं, और अर्की की विदुषी गुप्ता ने इस बात को फिर से सिद्ध कर दिखाया है। उन्होंने यूजीसी- नेट 2024 परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर शिक्षा और शोध के क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। भूगोल विषय से परीक्षा देते हुए विदुषी ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए, जिससे उन्होंने क्षेत्र और परिवार का नाम रोशन किया है।

अर्की के वार्ड नंबर 7 की रहने वाली विदुषी गुप्ता शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती विद्या मंदिर, अर्की में हुई, इसके बाद लक्ष्य पब्लिक स्कूल, अर्की से 12वीं तक की पढ़ाई पूरी की। 10वीं कक्षा में 92% और 12वीं में 90.4% अंक प्राप्त करने के बाद उन्होंने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, गवर्नमेंट कॉलेज संजौली से स्नातक किया, जहां उन्हें 89.8% अंक मिले। इसके बाद उन्होंने पंजाब विश्वविद्यालय से परास्नातक की डिग्री 82.5% अंकों के साथ पूरी की।

विदुषी के पिता नवीन गुप्ता एक निजी व्यवसायी हैं और उनकी माता भावना गुप्ता पूर्व वार्ड पार्षद रह चुकी हैं। दोनों ही लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं और लोगों की सेवा में योगदान देते रहे हैं। विदुषी का मनना है कि उनकी सफलता में माता-पिता व पूरे परिवार का सबसे बड़ा योगदान रहा, जिन्होंने उन्हें हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और हर कदम पर समर्थन दिया।

अपनी इस उपलब्धि पर विदुषी ने कहा कि यह सफलता उनके माता-पिता और शिक्षकों के सहयोग और मार्गदर्शन के बिना संभव नहीं थी। उन्होंने कहा कि बेटियों को अगर सही अवसर और समर्थन मिले, तो वे किसी भी क्षेत्र में नए मुकाम हासिल कर सकती हैं।

अर्की की इस होनहार बेटी की सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। विदुषी की मेहनत और लगन अन्य छात्राओं को भी प्रेरित करेगी, जिससे वे भी उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित होंगी।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page