ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज: प्रजापिता ब्रह्मकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय, ऊना शाखा द्वारा 89वीं त्रिमूर्ति शिव जयंती (महाशिवरात्रि) पर्व के उपलक्ष्य में त्रिमूर्ति शिव संदेश रथ यात्रा निकाली गई। इस यात्रा के तहत रथ बगांणा उपमंडल के पीर निगाह, बसोली, मदनपुर, तलाई, बीहड़ू, राएपुर मदान, थानाकलां, बड़ूही सहित अन्य गांवों में पहुंचा, जहां एकत्रित लोगों को परमपिता परमात्मा शिव का दिव्य संदेश दिया गया।

राजेंद्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस रथ यात्रा का नेतृत्व मैहतपुर ब्रह्मकुमारीज केंद्र की प्रभारी बबीता बहन ने किया। उन्होंने लोगों को परमात्मा शिव के साथ आत्मा के मिलन, आत्मिक शांति, मानसिक स्थिरता और जीवन में पवित्रता अपनाने का संदेश दिया। शिव संदेश रथ में विशेष रूप से द्वादश ज्योतिर्लिंग और अमरनाथ गुफा की झांकी को दर्शाया गया, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी।

यह संदेश रथ 26 फरवरी तक जिले के विभिन्न स्थानों पर महाशिवरात्रि का संदेश फैलाएगा और अंतिम रूप से गगरेट स्थित शिवबाड़ी मंदिर में आयोजित महाशिवरात्रि महोत्सव के दौरान संपन्न होगा।
रथ यात्रा के माध्यम से महाशिवरात्रि के आध्यात्मिक रहस्यों पर भी प्रकाश डाला गया। बताया गया कि परमात्मा शिव जन्म-मरण से परे हैं, इसलिए उनकी जयंती को ‘शिवरात्रि’ कहा जाता है। श्रीमद्भगवद्गीता में वर्णित परमात्मा के दिव्य अवतरण का संदर्भ देते हुए यह संदेश दिया गया कि जब-जब अधर्म बढ़ता है, तब परमात्मा शिव इस धरती पर अवतरित होते हैं और धर्म की पुनः स्थापना करते हैं।
इस अवसर पर ब्रह्मकुमारीज के अनेक सदस्य और श्रद्धालु उपस्थित रहे।



