ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – भारतीय जनता पार्टी दाड़लाघाट मंडल ने “संविधान गौरव दिवस” के अवसर पर बैठक का आयोजन किया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं ने संविधान की महत्ता पर चर्चा की।

बैठक का शुभारंभ भारत माता और डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुआ। मंडल अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने संविधान की मूलभूत विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह हमारे लोकतंत्र की आत्मा है।

बैठक में वक्ताओं ने संविधान के निर्माण, उसकी प्रमुख विशेषताओं और नागरिक अधिकारों पर चर्चा की। इस बैठक में पूर्व विधायक गोविंदराम शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान देश को सशक्त और लोकतांत्रिक बनाने का आधार है।

इस दौरान भाजपा सोलन ज़िला सचिव राकेश गौतम ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे संविधान के मूल सिद्धांतों को समझें और देश के लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाएं। भाजपा युवा मोर्चा के प्रतिनिधियों ने इस अवसर पर शपथ ली कि वे संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों और कर्तव्यों का पालन करेंगे और समाज को जागरूक करने में योगदान देंगे।

भाजपा नेताओं ने युवाओं को संविधान के प्रति जागरूक करने की अपील की और कहा कि पार्टी संविधान की रक्षा और उसके मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर कराड़ा घाट के लायक राम शर्मा, राधे श्याम शर्मा, बृज लाल शर्मा समेत कई रिटायर्ड कर्मचारी भाजपा में शामिल हुए। बैठक का समापन संविधान की गरिमा बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।





