ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज:- अर्की उपमंडल की ग्राम पंचायत डुमैहर के हरेंद्र सिंह पाल की बेटियों दानिका पाल और रिजुल पाल ने गोवा में 15 से 17 नवंबर 2024 तक आयोजित एशियाई थाई बॉक्सिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया।

दानिका पाल ने अंडर-12 वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर देश और क्षेत्र का नाम रोशन किया, जबकि रिजुल पाल ने अंडर-17 वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत, वियतनाम, श्रीलंका, कंबोडिया और नेपाल सहित कई देशों ने भाग लिया।
इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। दोनों बहनों की सफलता ने क्षेत्र के युवाओं को प्रेरणा दी है कि मेहनत और लगन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बनाई जा सकती है।




