ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज:- हिमाचल प्रदेश के 2024 के चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष रतन सिंह पाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की लोकसभा की सभी चार सीटों पर भाजपा ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर इतिहास रचा है।

पाल ने कहा कि यह जीत नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के मार्गदर्शन का परिणाम है। साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और संगठन मंत्री सिद्धार्थन के कुशल नेतृत्व का भी योगदान है।

पाल ने कहा कि भाजपा के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से लेकर प्रदेश पदाधिकारी तक सभी ने मिलकर इस चुनाव को जीत में बदला है। उन्होंने कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव प्रदेश कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनमत है, जिसमें जनता ने सुखविंद्र सुक्खू की सरकार और कांग्रेस पार्टी के खिलाफ मजबूत संदेश दिया है।

पाल ने आरोप लगाया कि चुनावों में सुक्खू सरकार ने सरकारी मशीनरी का जमकर दुरुपयोग किया। कर्मचारियों, अधिकारियों और व्यापारियों को धमकाया और मनी पावर का दुरुपयोग किया गया, लेकिन जनता ने इनके सभी प्रयासों को विफल करते हुए भाजपा को विजयी बनाया। शिमला संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप 90,548 मतों से विजयी हुए हैं।पाल ने सोलन जिले की जनता, विशेषकर अर्की विधानसभा क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त किया, जहां भाजपा को सबसे अधिक 15,484 मतों की बढ़त मिली। उन्होंने कहा कि यह जीत संगठन के सभी कर्मठ और परिश्रमी कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है।
पाल ने कहा कि देश की जनता ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को पूर्ण आशीर्वाद दिया है और एनडीए को बहुमत देकर तीसरी बार मोदी को प्रधानमंत्री बनने का जनादेश दिया है। यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड है जिसे चुनौती नहीं दी जा सकती। जनता के इस समर्थन के लिए पाल ने सभी का आभार व्यक्त किया।



