ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज़:-(दाड़लाघाट) वनों की अग्नि से सुरक्षा को लेकर वन परिक्षेत्र अधिकारी दाड़लाघाट हीरालाल शर्मा ने स्थानीय निवासियों से अपील करते हुए वनों में लगने वाली आग की रोकथाम के लिए सहयोग की अपील की है।उन्होंने वनों में लगने वाली आग से सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक सावधानियों को लेकर बताया कि जानबूझकर जंगलों में आग न जलाएं क्योंकि अधिकतर आग गलती से ही लगती है,यदि कभी ऐसा हो जाए तो तुरंत स्थानीय लोगों को इकट्ठा करके आग को बुझाने का प्रयास करें तथा वन विभाग को भी सूचित करें,यदि कोई असामाजिक शरारती तत्व जानबूझकर जंगल में आग लगाता है तो उसे नियम अनुसार सजा दिलवाने हेतु आगे आकर अपना नैतिक,सामाजिक व वैधानिक कर्तव्य निभाएं।

इसके अलावा वनों में जलती तीली,बीड़ी,सिगरेट आदि न फेंकी जाए।उन्होंने कहा कि पटाखे जलाने आदि में विशेष सतर्कता बरतने के साथ ही बच्चों को खेल-खेल में आग न लगाने व घरों,खेतों के आसपास ज्वलनशील पदार्थ घास-फूस,सूखा कूड़ा-करकट आदि के जमा होने पर उसे जलाते वक्त सतर्कता की जरूरत है।हीरा लाल शर्मा ने बताया कि यदि सरकारी जंगल की सीमा से 100 मीटर के अंदर अपनी घासनी में कांटे इत्यादि जलाने हेतु आग जलानी हो तो इसकी पूर्व सूचना वन विभाग को अवश्य दें।उन्होंने बताया कि आग लगाने वाले व्यक्ति की सूचना देने वाले व्यक्ति को कुनिहार वन मंडल की ओर से विशेष रूप से पुरस्कृत किया जाएगा।उन्होंने वनों की अग्नि से सुरक्षा में स्थानीय निवासियों की जागरुकता व सक्रिय सहयोग का आवश्यक रूप से आग्रह किया है।

