ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग मेंशनिवार को बैग फ्री डे के अंतर्गत कक्षा छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए प्री-वोकेशनल शिक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न रचनात्मक एवं व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से जीवनोपयोगी कौशल सिखाए गए।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को टोर के पत्तों से पारंपरिक पत्तल तैयार करने की विधि बताई गई। इसके अलावा पुराने अखबारों का पुनः उपयोग करते हुए लिफाफे और विभिन्न प्रकार के पैकेट बनाने का प्रशिक्षण दिया गया। विद्यार्थियों ने स्वयं इन वस्तुओं को तैयार किया और गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यालय के मुख्याध्यापक सुरेश कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में व्यावहारिक कौशल विकसित करने के साथ स्थानीय संसाधनों के उपयोग और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

मुख्याध्यापक सुरेश कुमार ने कहा कि बैग फ्री डे के माध्यम से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक जानकारी और जीवनोपयोगी कौशल सीखने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि पुरानी वस्तुओं का पुनः उपयोग कर उपयोगी सामग्री तैयार करना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को रचनात्मकता, स्वावलंबन और अपशिष्ट सामग्री के सदुपयोग का महत्व समझाया गया।

