ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- बी.एल. सेंट्रल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुनिहार की एनएसएस स्वयंसेविका भव्या सिंह ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस परेड के लिए हुआ है, जिसका आयोजन शिमला में किया जाएगा।

विद्यालय के अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने बताया कि भव्या सिंह का चयन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जाहू, जिला हमीरपुर में आयोजित शिविर के दौरान हुआ। उनकी इस सफलता के पीछे कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास की अहम भूमिका रही है। चयन के अवसर पर जिला हमीरपुर के विधायक सुरेश कुमार ने भव्या सिंह को गोल्ड मेडल देकर सम्मानित भी किया।
गोपाल शर्मा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय की छात्रा का राज्य स्तरीय परेड के लिए चयन होना पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। विद्यालय विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, एनसीसी, एनएसएस सहित अन्य गतिविधियों में भी अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए प्रोत्साहित करता है।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से एनएसएस प्रभारी पुरुषोत्तम लाल, पूनम शर्मा, मोनिका ठाकुर, भव्या सिंह और उनके अभिभावकों सहित समस्त शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को बधाई दी गई। विद्यालय प्रबंधन ने भव्या के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह शिमला में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस परेड में बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेगी।


