सोलन में 29 नवंबर को होगा प्रदेश स्तरीय सहकारिता सम्मेलन, डॉ. राजीव बिंदल होंगे मुख्य अतिथि

प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन करेंगे शिरकत, पुरुषोत्तम गुलेरिया करेंगे कार्यक्रम की अध्यक्षता; अर्की विधानसभा क्षेत्र से अधिक से अधिक भागीदारी का आह्वान।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- भारतीय जनता पार्टी के सहकारिता प्रकोष्ठ की ओर से प्रदेश स्तरीय सहकारिता सम्मेलन का आयोजन 29 नवंबर, रविवार को सोलन के होटल शगुन, राजगढ़ रोड, जटोली में किया जाएगा। सम्मेलन प्रातः 10 बजे शुरू होगा। प्रदेश स्तरीय सहकारिता पखवाड़ा उत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित इस सम्मेलन में प्रदेशभर से सहकारिता क्षेत्र से जुड़े पदाधिकारी, सदस्य एवं कार्यकर्ता भाग लेंगे।


सम्मेलन में भाजपा हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन विशेष अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा हिमाचल प्रदेश के प्रदेश समन्वयक एवं प्रकोष्ठ प्रभारी पुरुषोत्तम गुलेरिया करेंगे।
सम्मेलन के आयोजन को लेकर सहकारिता प्रकोष्ठ की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ दाड़लाघाट मंडल के संयोजक परस राम ठाकुर ने अर्की विधानसभा क्षेत्र के सभी भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों से सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए यह सम्मेलन आपसी विचार-विमर्श और संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने का अवसर है।
परस राम ठाकुर ने बताया कि सम्मेलन के दौरान सहकारिता क्षेत्र से संबंधित विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर अर्की विधानसभा क्षेत्र की ओर से एक ज्ञापन भी तैयार किया जाएगा। इस ज्ञापन को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश संगठन महामंत्री के माध्यम से केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह को सौंपने का प्रस्ताव है, ताकि सहकारिता क्षेत्र से जुड़े विषयों को केंद्र सरकार के समक्ष उठाया जा सके।
उन्होंने कहा कि सहकारिता क्षेत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सामूहिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में इस क्षेत्र से जुड़े सभी लोगों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने अर्की विधानसभा क्षेत्र के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से 29 नवंबर को प्रातः 10 बजे होटल शगुन, सोलन पहुंचकर सम्मेलन में भाग लेने और कार्यक्रम को सफल बनाने का आग्रह किया।
सम्मेलन से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जयनगर मंडल के संयोजक रतन लाल तथा अर्की मंडल के संयोजक गोविंद ठाकुर से संपर्क किया जा सकता है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page