दसवीं का परीक्षा परिणाम 90 और जमा दो का 100 प्रतिशत रहा, छात्रा वैष्णवी ने तीन वर्षों में हासिल की 1.80 लाख रुपये की छात्रवृत्ति।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- सोलन विकास खंड की पट्टा बरावरी पंचायत स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पट्टा बरावरी में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा के सेवानिवृत्त सहायक महाप्रबंधक जे.सी. शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। वहीं भारतीय सेना के सेवानिवृत्त कैप्टन राकेश कुमार तथा हिमाचल प्रदेश जल शक्ति विभाग शिमला में उपनिदेशक (विधि) के पद पर कार्यरत संदीप वर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

विद्यालय पहुंचने पर मुख्य अतिथि एवं विशेष अतिथियों का स्टाफ, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने फूलमालाओं से स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य दूनी चंद शर्मा ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की उपलब्धियों का ब्यौरा दिया। उन्होंने बताया कि पिछले शैक्षणिक सत्र में विद्यालय का दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम 90 प्रतिशत तथा जमा दो कक्षा का परिणाम 100 प्रतिशत रहा। विद्यालय की छात्रा वैष्णवी ने स्वर्ण जयंती छात्रवृत्ति योजना के तहत प्रतियोगिता परीक्षा के दोनों चरणों में सफलता प्राप्त कर तीन वर्षों में कुल 1 लाख 80 हजार रुपये की छात्रवृत्ति हासिल की।

मुख्य अतिथि जे.सी. शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। खेलों से विद्यार्थियों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन में रहने तथा गुरुजनों और माता-पिता का सम्मान करने की सीख दी।
समारोह में प्राथमिक और वरिष्ठ माध्यमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों ने गीत, कविता, नाटी, समूहगान और लोकनृत्य के माध्यम से हिमाचली संस्कृति की सुंदर झलक पेश की। मुख्य अतिथि ने विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। दसवीं कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले राहुल, पुत्र दीपक को 3 हजार रुपये तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले पुनीत, पुत्र राकेश को 3 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। जमा दो कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विकास, पुत्र राजेश को 5 हजार रुपये तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले राहुल, पुत्र सोम प्रकाश को 4 हजार रुपये प्रदान किए गए। वहीं, आर्ट्स संकाय की छात्रा तनिषा, पुत्री संदीप को 5 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रवक्ता सुनील कुमार, भाषा अध्यापिका विजय ठाकुर, शारीरिक शिक्षक राकेश शर्मा, स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष दिवाकर शर्मा, ज्ञान दास शर्मा, शिब्बत शर्मा, हरिदत्त शर्मा, बलबीर सिंह, प्रवेश शर्मा, राकेश शर्मा, राकेश कुमार, पूर्व पंचायत समिति सदस्य एवं जिला मीडिया प्रभारी डीडी कश्यप, पंचायत समिति सोलन की अध्यक्ष प्रोमिला कौशल, पूर्व प्रधान सुखराम, शीशपाल, पंचायत सदस्य राम कौशल, किसान विकास संघ के कार्यकारी अध्यक्ष केशव राम, महासचिव प्रेम चंद कश्यप, ख्याली राम, पंचायत प्रधान सुमिता तथा पूर्व प्रधान निर्मला सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


