केंद्र सरकार के फैसले का हिमाचल उपभोक्ता संरक्षण परिषद ने किया स्वागत, कुछ दवाओं की कीमतों में 93 प्रतिशत तक कमी की संभावना।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। हिमाचल उपभोक्ता संरक्षण परिषद के अध्यक्ष जोगेंद्र कंवर ने केंद्र सरकार द्वारा कैंसर के उपचार में इस्तेमाल होने वाली जीवनरक्षक दवाओं की कीमतों में की गई ऐतिहासिक कटौती का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का यह निर्णय कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों और उनके परिवारों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा।

जोगेंद्र कंवर ने कहा कि कैंसर के उपचार में इस्तेमाल होने वाली 137 दवाओं के 543 ब्रांडों की कीमतों में कटौती तथा गैर-अनुसूचित कैंसर दवाओं पर व्यापारिक मार्जिन अधिकतम 30 प्रतिशत तक सीमित करने का निर्णय सराहनीय है। इससे महंगे इलाज के कारण आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे गरीब, मध्यमवर्गीय और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि कैंसर का इलाज लंबे समय तक चलने के कारण मरीजों के परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ता है। ऐसे में दवाओं की कीमतों में कमी का फैसला बेहद महत्वपूर्ण है। स्तन कैंसर, रक्त कैंसर, फेफड़ों के कैंसर और अन्य ट्यूमर के उपचार में इस्तेमाल होने वाली कई दवाओं की कीमतों में उल्लेखनीय कमी आने की संभावना है। कुछ ब्रांडों की कीमतों में 93 प्रतिशत तक की कमी हो सकती है।

कंवर ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार नई कीमतें 9 नवंबर 2026 से प्रभावी होंगी। दवा निर्माता कंपनियों को संशोधित मूल्य प्रकाशित करना अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा अस्पतालों को भी अपनी फार्मेसी और वेबसाइट पर दवाओं की संशोधित कीमतें प्रदर्शित करनी होंगी। उन्होंने केंद्र सरकार के इस जनहितैषी निर्णय के लिए आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश के सभी अस्पतालों, केमिस्टों और स्वास्थ्य संस्थानों से आग्रह किया कि वे निर्धारित नई कीमतों के अनुसार ही मरीजों को दवाएं उपलब्ध करवाएं, ताकि प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले मरीज भी इस फैसले का पूरा लाभ उठा सकें।

