डीएवी अंबुजा विद्या निकेतन दाड़लाघाट की छात्रा ने अंडर-14 वर्ग में हासिल की उपलब्धि।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत दधोगी के गांव दधोगी की होनहार बेटी तेजस्वी शर्मा ने राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। डीएवी अंबुजा विद्या निकेतन दाड़लाघाट की छात्रा तेजस्वी ने दिल्ली-एनसीआर में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय खेल प्रतियोगिता के अंडर-14 ताइक्वांडो मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।

राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में पदक हासिल करना तेजस्वी की खेल प्रतिभा, मेहनत और लगन को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय सहित ग्राम पंचायत दधोगी और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। छोटी उम्र में राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाने वाली तेजस्वी ने अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा प्रस्तुत की है।

तेजस्वी की इस सफलता पर उनकी माता प्रियंका शर्मा और पिता प्रकाश चंद शर्मा सहित परिवार के सभी सदस्यों ने खुशी जाहिर की है। क्षेत्रवासियों ने भी छात्रा को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वह भविष्य में भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करेगी।



