ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- नगर पंचायत अर्की के वार्ड नंबर 6 स्थित ओल्ड बस स्टैंड के सार्वजनिक शौचालय को अन्य स्थान पर स्थानांतरित किए जाने की चर्चा का स्थानीय व्यवसायियों ने विरोध किया है। इस संबंध में व्यवसायियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष सीमा शर्मा को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि वर्तमान में बने सार्वजनिक शौचालय को उसके स्थान से हटाकर किसी अन्य जगह न बनाया जाए।

ज्ञापन में कहा गया है कि नगर पंचायत की मासिक बैठक में हुई चर्चाओं तथा अन्य माध्यमों से उन्हें शौचालय को निर्धारित स्थान से हटाने की जानकारी मिली है। व्यवसायियों के अनुसार ओल्ड बस स्टैंड का यह क्षेत्र मुख्य बाजार में है, जहां तीन बैंक, एलआईसी कार्यालय और अनेक व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, व्यापारी और ग्राहक आते-जाते हैं। अर्की मेले के दौरान भी इस क्षेत्र में हजारों लोगों की आवाजाही रहती है।

व्यवसायियों ने कहा कि इस स्थान पर सार्वजनिक शौचालय की सुविधा जनहित में आवश्यक है। इसे हटाने से महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, बच्चों, दिव्यांगजनों, व्यापारियों और बाजार में आने वाले लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने नगर पंचायत से आग्रह किया कि जनहित और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए शौचालय को वर्तमान स्थान से स्थानांतरित न किया जाए। साथ ही, किसी भी अंतिम निर्णय से पहले स्थानीय निवासियों और व्यापारियों से परामर्श करने की मांग की गई।
इस दौरान शैलेन्द्र सिंह, गौरव गुप्ता, राम सिंह, नरेंद्र कुमार, खेमराज,संतोष, सुरेन्द्र कुमार, तरुण गुप्ता, नोजु गुप्ता, धर्मेंद्र, यशपाल, मदन लाल गर्ग, नमन गर्ग, रणजीत तथा मोहिंदर सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



