ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। अर्की विधानसभा क्षेत्र के सूरजपुर वार्ड से जिला परिषद सदस्य शशिकांत शर्मा ने ग्राम पंचायत घणागुघाट के मांडी और नंदोल गांवों में रसोई गैस सिलेंडर की नियमित सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने उपमंडलाधिकारी अर्की निशांत तोमर को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान समाजसेवी डी.डी. शर्मा और दूनी चंद भी मौजूद रहे।

ज्ञापन में शशिकांत शर्मा ने बताया कि मांडी और नंदोल गांवों में लंबे समय से गैस सिलेंडर की गाड़ी की सुविधा नहीं है। इसके चलते ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों को सिलेंडर सिर पर उठाकर लाने-ले जाने में परेशानी होती है। वहीं बाहर से गैस सिलेंडर मंगवाने पर उन्हें अतिरिक्त किराया भी देना पड़ता है, जिससे ग्रामीणों का समय और धन दोनों खर्च होते हैं।
उन्होंने एसडीएम से मांग की कि इन गांवों के लिए नियमित रूप से गैस सिलेंडर की गाड़ी भेजने की व्यवस्था की जाए, ताकि ग्रामीणों को गांव में ही रसोई गैस की सुविधा मिल सके।
इस दौरान उन्होंने सड़क से संबंधित औपचारिकताएं पूरी होने का लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी रोड फिटनेस सर्टिफिकेट भी एसडीएम को सौंपा। एसडीएम निशांत तोमर ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उचित समाधान का आश्वासन दिया।



