ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धूंदन में आयोजित सात दिवसीय विशेष एनएसएस शिविर के तीसरे दिन स्वयंसेवियों ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। दिन की शुरुआत मंगल भजनों के साथ हुई। इसके बाद कार्यक्रम अधिकारी संतोष बट्टू के नेतृत्व में स्वयंसेवियों ने योगाभ्यास किया। योग सत्र के पश्चात परेड के माध्यम से अनुशासन एवं शारीरिक दक्षता का अभ्यास किया गया।

श्रमदान सत्र में कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में स्वयंसेवियों ने विद्यालय परिसर में सफाई अभियान चलाया। इस दौरान मिट्टी के ढेर हटाने, विद्यालय परिसर की सीमाओं के साथ उगी झाड़ियों की कटाई तथा आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई का कार्य किया गया।

बौद्धिक सत्र में आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. नरेश विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयंसेवियों को आयुर्वेद के माध्यम से स्वस्थ रहने के विभिन्न उपायों की जानकारी दी। उन्होंने संतुलित दिनचर्या, उचित खान-पान, योग एवं प्राकृतिक जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वस्थ जीवन के लिए आयुर्वेद की उपयोगिता समझाई।
शिविर के दौरान स्वयंसेवियों को शिवाजी, पटेल, विवेकानंद, लक्ष्मीबाई, अहिल्याबाई और जीजाबाई आदि समूहों में विभाजित किया गया। विभिन्न समूहों ने देशभक्ति गीतों तथा ‘सीता स्वयंवर’ सहित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समां बांधा।
सांस्कृतिक संध्या में सुदेश कुमारी अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर अनीता कौडल, एकल नारी शक्ति संगठन की कौशल्या देवी, स्कूल प्रबंधन समिति सदस्य विमला देवी, हेमा देवी, रामा देवी, ज्ञान गुप्ता, अनुप्रिया और पूजा सहित अन्य उपस्थित रहे। स्वयंसेवियों ने विभिन्न गतिविधियों में अपनी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं टीम भावना का प्रदर्शन किया।


