43 स्वयंसेवी ले रहे भाग, सामाजिक सेवा और स्वच्छता गतिविधियों में निभाएंगे जिम्मेदारी।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बलेरा में सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। यह शिविर 3 से 9 अक्तूबर तक आयोजित किया जा रहा है।

शिविर के शुभारंभ समारोह में विद्यालय के उपप्रधानाचार्य राजेंद्र वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. चित्रेश ने मुख्य अतिथि, विद्यालय स्टाफ तथा सभी स्वयंसेवियों का स्वागत किया। उन्होंने स्वयंसेवियों को शिविर के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।
शिविर में कुल 43 स्वयंसेवी भाग ले रहे हैं, जिनमें 29 छात्र और 14 छात्राएं शामिल हैं। इस अवसर पर स्वयंसेवियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
शिविर का संचालन कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार एवं डॉ. चित्रेश के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। शिविर के सफल आयोजन में देवेंद्र, नीलम, बंटू, विपुल, हुकुम एवं संत राम का विशेष सहयोग रहेगा।
सात दिवसीय शिविर के दौरान स्वयंसेवी विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक, स्वच्छता एवं सामुदायिक सेवा गतिविधियों में भाग लेंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से स्वयंसेवियों को समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने और सेवा भावना के साथ कार्य करने का अवसर मिलेगा।



