ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुंदन में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर का शनिवार को शुभारंभ हुआ। शिविर में 27 लड़कों और 26 लड़कियों सहित कुल 53 स्वयंसेवी भाग ले रहे हैं। शिविर का आयोजन 3 से 9 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है।

शिविर का शुभारंभ ग्राम पंचायत धुंदन के प्रधान जगदीश चंद ने एनएसएस ध्वजारोहण कर किया। कार्यक्रम में पंचायत उपप्रधान यशविंदर सिंह, एसएमसी प्रधान सुनील कुमार, उपाध्यक्ष प्रेम भगत सहित एसएमसी कार्यकारिणी के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य राम रतन बंगा ने की।

एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी संतोष बट्टू ने बताया कि शिविर का उद्देश्य स्वयंसेवियों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, एकता, सहयोग और सेवा भावना का विकास करना है। शिविर के दौरान स्वयंसेवी गोद लिए गए गांव धुंदन और धुंदन बाजार में स्वच्छता, श्रमदान तथा जन-जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में भाग लेंगे।
शिविर के लिए स्वयंसेवियों को अटल, विवेकानंद, पटेल, प्रताप, वीर शिवाजी और अंबेडकर समूहों में विभाजित किया गया है। ये समूह विभिन्न सेवा, श्रमदान, स्वच्छता, बौद्धिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करेंगे।
उद्घाटन अवसर पर स्वयंसेवियों ने एनएसएस गीत प्रस्तुत करने के साथ गीत, नृत्य, कविता और मिमिक्री सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। प्रधानाचार्य राम रतन बंगा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए एनएसएस की गतिविधियों की सराहना की तथा अतिथियों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन और विद्यालय परिवार ने सभी स्वयंसेवियों को शिविर के लिए शुभकामनाएं दीं और शिविर को सफल बनाने का आह्वान किया।



