ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। मनाली से पठानकोट जा रही HRTC की बस शनिवार सुबह करीब छह बजे पुलिस लाइन बाशिंग के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में चालक और परिचालक समेत छह लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई गई है।

जानकारी के अनुसार बस संख्या HP-38-9738 मनाली से पठानकोट रूट पर जा रही थी। हादसे में घायल यात्रियों की पहचान श्याम लाल निवासी बासकोला, कट्राईं, कृष्ण थापा निवासी बांद्रौल, छाया देवी और राकेश कुमार निवासी कुटेढ़, जिला पठानकोट के रूप में हुई है। बस चालक मनमोहन सिंह निवासी भूट, चुवाड़ी, जिला कांगड़ा और परिचालक प्रवीण सिंह निवासी खन्नी, नूरपुर भी घायल हुए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
