ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- प्रदेश सरकार ने पेंशनरों के बकाया एरियर के भुगतान को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की है। सरकार के प्रवक्ता के अनुसार 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए क्लास-III पेंशनरों को अक्तूबर माह में 30 प्रतिशत बकाया पेंशन एरियर का भुगतान किया जाएगा। इसके साथ ही इन पेंशनरों की एरियर देनदारी शून्य हो जाएगी।
वहीं, इसी अवधि के दौरान सेवानिवृत्त हुए क्लास-I और क्लास-II पेंशनरों को पेंशन एरियर का अतिरिक्त 15 प्रतिशत भुगतान अक्तूबर माह में किया जाएगा।

प्रवक्ता ने बताया कि अंतरिम राहत और महंगाई राहत की पूर्व में अदा की जा चुकी किस्तों को सकल पेंशन अथवा पारिवारिक पेंशन के बकाया भुगतान में समायोजित किया जाएगा। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों सहित सभी पेंशन वितरण प्राधिकरणों को सितंबर 2026 की पेंशन एवं पारिवारिक पेंशन, जिसका भुगतान अक्तूबर 2026 में होना है, के साथ स्वीकार्य बकाया राशि का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य सरकार ने संबंधित अधिकारियों को पात्र पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को बकाया राशि का समयबद्ध एवं उचित भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रवक्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार समय-समय पर कर्मचारियों और पेंशनरों को वित्तीय लाभ जारी करती रही है। उन्होंने कहा कि पेंशनरों ने प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और हिमाचल प्रदेश की प्रगति में अपना बहुमूल्य योगदान दिया है।


