ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच की ओर से नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय शिक्षक सम्मेलन एवं विचार-प्रस्तुतीकरण समारोह में शहीद कैप्टन विजयंत थापर की माता तृप्ता थापर को उनके कार्य एवं उपलब्धियों के लिए ‘शिक्षक गौरव अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। उन्हें सम्मान पदक, प्रशस्ति-पत्र, मोमेंटो, शॉल एवं साफा प्रदान किया गया।

अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच द्वारा सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन जयंती समापन महोत्सव के अवसर पर आयोजित समारोह में 25 राष्ट्रों के राष्ट्रीय ध्वजों के सानिध्य में यह सम्मान प्रदान किया गया।

समारोह में न्यायमूर्ति जे.के. रांका, न्यायमूर्ति डॉ. ईशरत मसरूर कुद्दूसी, सांसद नरेन्द्र राव उर्फ अनन्त महाराज, पूर्व सांसद विजय पाल तोमर सहित विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियां मौजूद रहीं।
समारोह की अध्यक्षता रोमा इंटरनेशनल कल्चर यूनिवर्सिटी, नई दिल्ली की कुलपति डॉ. हुक्म चंद गणेशिया ने की। इस दौरान मंच की ओर से तृप्ता थापर के कार्य एवं उपलब्धियों की सराहना की गई। उन्हें दिसंबर माह में काठमांडू, नेपाल में प्रस्तावित सार्क स्थापना दिवस समापन महोत्सव के अंतरराष्ट्रीय समारोह में भी आमंत्रित किया गया है।

तृप्ता थापर का अर्की से विशेष नाता है और उनका मायका अर्की में है। वह कारगिल युद्ध में शहीद हुए कैप्टन विजयंत थापर की माता हैं। कैप्टन विजयंत थापर ने वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनके अर्की से पारिवारिक जुड़ाव के कारण क्षेत्र के लोगों में उनके परिवार के प्रति विशेष सम्मान रहा है।
तृप्ता थापर को मिले इस सम्मान पर उनके छोटे भाई केके भारद्वाज, परिवारजनों तथा अर्की के नगरवासियों ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


