ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- मानव कल्याण समिति अर्की की मासिक बैठक समिति के उपप्रधान रोशन लाल वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में समिति की विभिन्न गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई।

समिति के लेखा परीक्षक सोहन लाल पाल ने सदस्यों को जानकारी दी कि आयकर विभाग ने समिति की गतिविधियों एवं लेखा-जोखा से संतुष्ट होकर धारा 354 के अंतर्गत मिली स्वीकृति को आगामी पांच वर्षों के लिए बढ़ा दिया है। समिति के अनुसार, इस प्रकार की छूट प्राप्त करने वाली यह क्षेत्र की एकमात्र संस्था है।
समिति के सचिव राजेश कपाटिया ने बताया कि जल्द ही स्वर्गीय प्रभावती गौतम की पुण्य स्मृति में दावटी पंचायत में निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वर्गीय प्रभावती गौतम समिति की गतिविधियों में विशेष रुचि रखती थीं तथा समय-समय पर समिति को यथासंभव सहयोग प्रदान करती थीं।

समिति के संस्थापक डॉ. संत लाल शर्मा ने बताया कि शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लोगों के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी। इस दौरान निःशुल्क दवाइयां, ब्लड टेस्ट और ऐनकें भी उपलब्ध करवाई जाएंगी। यह शिविर समिति द्वारा आयोजित किया जाने वाला 20वां निःशुल्क चिकित्सा शिविर होगा।
बैठक में प्रकाश चन्द, प्रेम सिंह चौहान, नागेश भारद्वाज, गोपाल शर्मा, रोहित शर्मा सहित समिति के कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



