ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- भारतीय जनता पार्टी अर्की मंडल की ओर से प्रदेश कांग्रेस सरकार के खिलाफ 15 सितंबर को अर्की में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। भाजपा अर्की मंडल अध्यक्ष रीना भारद्वाज ने बताया कि धरना प्रदर्शन में मंडल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी शामिल होंगे।

धरना प्रदर्शन 15 सितंबर को सुबह 10 बजे लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह अर्की से शुरू होगा। कार्यक्रम में जिला सोलन भाजपा प्रभारी राज पाल सिंह, सह प्रभारी संदीपनी भारद्वाज, जिला अध्यक्ष रतन सिंह पाल, पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा तथा अर्की मंडल प्रभारी धनी राम काला विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

रीना भारद्वाज ने बताया कि धरना प्रदर्शन में प्रदेश, जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के अलावा मोर्चों के अध्यक्ष, महामंत्री व पदाधिकारी, प्रकोष्ठों के संयोजक, ग्राम केंद्रों के अध्यक्ष एवं प्रभारी तथा बूथ अध्यक्ष भाग लेंगे। नगर पंचायत के उपाध्यक्ष, पार्षद, पार्टी के प्रधान-उपप्रधान, सदस्य, बीडीसी सदस्य और जिला परिषद सदस्यों सहित अन्य कार्यकर्ताओं से भी कार्यक्रम में उपस्थिति सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर पहुंचकर धरना प्रदर्शन में भाग लेने की अपील की है।



