ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बसंतपुर में पिछले काफी समय से रिक्त चल रहे हिंदी शिक्षक के पद पर टीजीटी (हिंदी) नंद लाल की तैनाती हुई है। शिक्षक ने वीरवार को विद्यालय में कार्यभार संभाल लिया। विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य लेखराम पंवर ने उनकी ज्वाइनिंग करवाई।

बसंतपुर पंचायत के उपप्रधान धनीराम ठाकुर ने हिंदी शिक्षक के रिक्त पद को भरने के लिए अर्की विधायक संजय अवस्थी का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि पिछले काफी समय से पद रिक्त होने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। इस समस्या को देखते हुए उन्होंने विधायक से शिक्षक की तैनाती के लिए विशेष आग्रह किया था, ताकि बच्चों की पढ़ाई में आ रही बाधा को जल्द दूर किया जा सके।

धनीराम ठाकुर ने कहा कि विधायक संजय अवस्थी के प्रयासों से अब विद्यालय में हिंदी विषय का शिक्षक उपलब्ध हो गया है, जिससे विद्यार्थियों को काफी लाभ मिलेगा। उन्होंने समस्त पंचायतवासियों की ओर से विधायक संजय अवस्थी का आभार प्रकट किया है।


