ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- बीएल सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार के होनहार खिलाड़ी अश्मित रघुवंशी का चयन राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। अश्मित ने जिला स्तरीय चयन प्रक्रिया में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर की प्रतियोगिता में अपना स्थान सुनिश्चित किया है। उसकी इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है।

जिला सोलन बास्केटबॉल संघ के महासचिव एवं अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल कोच तथा रेफरी राज कुमार पाल ने बताया कि हिमाचल प्रदेश बास्केटबॉल संघ द्वारा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 11 से 13 सितंबर तक गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल, पांवटा साहिब, जिला सिरमौर में किया जा रहा है। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित प्रतिभाशाली खिलाड़ी भाग लेंगे।

उन्होंने बताया कि सोलन में आयोजित जिला स्तरीय चयन प्रक्रिया में अश्मित ने अपने खेल कौशल, अनुशासन, फिटनेस और शानदार प्रदर्शन के दम पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई। उसकी मेहनत और खेल के प्रति लगन ने उसे यह उपलब्धि दिलाई है।

विद्यालय के अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने अश्मित की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे, उसके माता-पिता जसबीर सिंह एवं ज्योति तथा शारीरिक शिक्षक अमर देव व अरुणा को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में प्रतिभा निखारने के लिए उचित मंच और सुविधाएं उपलब्ध करवा रहा है। उन्होंने अश्मित को प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पीटीए अध्यक्ष एवं समस्त अध्यापक वर्ग ने भी अश्मित को बधाई देते हुए प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय एवं जिला सोलन का नाम रोशन करने की कामना की।


