ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बनी-मटेरनी के पूर्व छात्र आयुष ठाकुर को सोमवार को विद्यालय में नीट परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करने पर सम्मानित किया गया। आयुष ने नीट में हिमाचल प्रदेश में 62वां रैंक हासिल कर आईजीएमसी शिमला में एमबीबीएस के लिए प्रवेश प्राप्त किया है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव शर्मा एवं विद्यालय परिवार ने आयुष को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयुष ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, दादाजी और विद्यालय के अध्यापकों को दिया।

आयुष ने इसी विद्यालय से दसवीं से जमा दो तक की पढ़ाई पूरी की है। उनकी सफलता की खास बात यह है कि उनके पिता भी इसी विद्यालय में अर्थशास्त्र के प्रवक्ता हैं। आयुष की उपलब्धि पर विद्यालय परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।



