शिक्षकों का क्रमिक अनशन 27वें दिन भी जारी, कफोटा के शिक्षकों ने लिया हिस्सा

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। हिमाचल प्रदेश राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ का शिक्षकों की न्यायोचित मांगों को लेकर क्रमिक अनशन शुक्रवार को 27वें दिन भी निदेशालय स्कूल शिक्षा, शिमला में जारी रहा। प्रदेशभर से शिक्षक अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ आंदोलन में भाग ले रहे हैं।


क्रमिक अनशन के 27वें दिन जिला सिरमौर के पीटीएफ ब्लॉक कफोटा के पदाधिकारियों ने अनशन में हिस्सा लेकर शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा और लंबित मांगों को पूरा करने की मांग उठाई। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षक गांधीवादी तरीके से शांतिपूर्ण आंदोलन कर सरकार का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित कर रहे हैं।


इस दौरान पीटीएफ सिरमौर के महासचिव चतर सिंह, पीटीएफ ब्लॉक कफोटा के अध्यक्ष श्याम सिंह, महासचिव माम राज शर्मा, सह-सचिव ओम प्रकाश शर्मा, प्रेस सचिव सतपाल चौहान, पूर्व खंड प्रधान कफोटा जितेंद्र सिंह, पीटीएफ सदस्य टीका राम सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।


संघ के अनुसार यह आंदोलन 11 जुलाई को शुरू हुई ‘शिक्षा बचाओ न्याय यात्रा’ के शिमला पहुंचने के बाद तेज हुआ। इसके बाद 26 जुलाई को चौड़ा मैदान शिमला में विशाल धरना आयोजित किया गया और फिर क्रमिक अनशन शुरू किया गया।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री ने 26 जुलाई को चौड़ा मैदान में आयोजित धरने के दौरान शिक्षकों को आश्वासन दिया था कि न्यू कॉम्प्लेक्स प्रणाली की अधिसूचना वापस लेने सहित अन्य मांगों पर 5 सितंबर तक कार्रवाई की जाएगी। संघ ने कहा कि उसे मुख्यमंत्री के आश्वासन पर भरोसा है और वह मांगों के समाधान की उम्मीद कर रहा है


उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 5 सितंबर तक शिक्षकों की मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। संघ ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page