ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज- हिमाचल अकैडमिक स्कूल बाहंवा में नशा मुक्त अभियान के तहत विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्था के सदस्यों और हेम राज गौड़ ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

वक्ताओं ने विद्यार्थियों को बताया कि नशे का व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, पारिवारिक जीवन और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

विद्यालय प्रबंधन ने जागरूकता कार्यक्रम के आयोजन के लिए प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्था के सदस्यों और हेम राज गौड़ का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने की शपथ ली।




