ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- राष्ट्रीय नशामुक्त भारत महासंकल्प अभियान के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घनागुघाट में नशामुक्ति को लेकर विशाल जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सहयोग से किया गया। अभियान का उद्देश्य देशभर में 10 करोड़ लोगों को नशामुक्ति के संकल्प से जोड़ना है।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रवक्ता सुनीता ठाकुर ने मुख्य वक्ताओं एवं अतिथियों का स्वागत कर की। उन्होंने प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से चलाए जा रहे अभियान की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की विशेषज्ञ टीम ने विद्यार्थियों से संवाद किया। संस्था के विशेषज्ञ वक्ताओं के साथ हेम राज गौड़ ने विद्यार्थियों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले गंभीर दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि ध्यान, आत्मविश्वास, आध्यात्मिकता और सकारात्मक सोच को जीवन का हिस्सा बनाकर युवा नशे तथा अन्य नकारात्मक प्रभावों से स्वयं को दूर रख सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों ने स्वयं तथा समाज को नशामुक्त रखने की सामूहिक प्रतिज्ञा भी ली। विद्यालय की नशामुक्ति समिति के प्रभारी पुष्पेंद्र कौशिक ने बताया कि प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्था की विशेष टीम लगातार शिक्षण संस्थानों का दौरा कर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने और उन्हें नशे के चंगुल से बचाने का प्रयास कर रही है।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय शर्मा ने ब्रह्माकुमारी टीम एवं सभी अतिथियों का विद्यार्थियों को नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।




