ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज- राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घनागुघाट में विद्यालय तथा इसके अंतर्गत आने वाले सभी क्लस्टर स्कूलों की ओर से स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह में भारतीय सेना के कैप्टन नन्द लाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और विद्यालय परिसर में तिरंगा फहराया।

धवजारोहण के बाद मुख्य अतिथि ने एनसीसी, एनएसएस तथा स्काउट्स एंड गाइड्स के कैडेट्स द्वारा प्रस्तुत शानदार परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। कैडेट्स के अनुशासन एवं देशभक्ति के जज्बे ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, लोक नृत्यों और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में रंग भर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सफल संचालन एवं आयोजन अंग्रेजी प्रवक्ता पुष्पेन्द्र कौशिक के मार्गदर्शन में किया गया।

विद्यालय की कार्यवाहक प्रधानाचार्या सुनीता ठाकुर तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्रवीण कुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। प्रधानाचार्या ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व से अवगत करवाते हुए देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि कैप्टन नन्द लाल ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए नशे तथा अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को देश की प्रगति में सकारात्मक भूमिका निभाने के साथ-साथ अनैतिक एवं भ्रष्ट गतिविधियों से स्वयं को दूर रखना चाहिए।
समारोह में घनागुघाट विद्यालय के शिक्षक, क्लस्टर स्कूलों से आए अध्यापक, स्टाफ सदस्य, विद्यार्थी, स्थानीय जनता और क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और मिठाई वितरण के साथ हुआ।


