ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन एनएसएस, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड तथा रोड सेफ्टी यूनिट के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य राम रत्न बंगा ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम पंचायत प्रधान जगदीश सिंह ठाकुर तथा स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान सुनील ठाकुर ने तिरंगा ध्वज फहराकर किया। ध्वजारोहण के बाद एनएसएस, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड, रोड सेफ्टी क्लब तथा इको क्लब के स्वयंसेवियों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने भाषण, पेंटिंग, नारा लेखन, कविता वाचन सहित विभिन्न देशभक्ति से जुड़ी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के माध्यम से देशप्रेम, सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को अभिव्यक्त किया।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के स्वतंत्रता दिवस समारोह का लाइव प्रसारण भी विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमुदाय ने देखा।

कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य राम रत्न बंगा ने समस्त देशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और राष्ट्रप्रेम की भावना से गूंज उठा। कार्यक्रम उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


