ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- हिमाचल प्रदेश देवी-देवताओं की आस्था और समृद्ध देव संस्कृति के लिए जाना जाता है। इसी प्राचीन देव परंपरा और लोक आस्था को आगे बढ़ाते हुए सोलन विकास खंड की पट्टा बरावरी पंचायत के खड़की गांव में ग्राम देवता पूजन एवं भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने ग्राम देवता की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर सोलन विकास खंड पंचायत समिति की अध्यक्ष प्रोमिला कौशल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने ग्राम देवता का आशीर्वाद प्राप्त करते हुए कहा कि हिमाचल की पहचान यहां की प्राचीन देव परंपराओं, लोक संस्कृति और धार्मिक आस्था से जुड़ी हुई है। आधुनिकता के दौर में आगे बढ़ते हुए भी हमें अपनी जड़ों और पुरानी परंपराओं को नहीं भूलना चाहिए।

प्रोमिला कौशल ने कहा कि ग्राम देवता ग्रामीण समाज की आस्था के केंद्र होने के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे के प्रतीक हैं। नई पीढ़ी को अपनी देव संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ना समय की आवश्यकता है। यदि युवा अपनी संस्कृति को समझेंगे और उससे जुड़ेंगे तो हमारी प्राचीन परंपराएं भविष्य में भी जीवंत रहेंगी। उन्होंने लोगों से इन परंपराओं को मिल-जुलकर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

उन्होंने अपने पूर्व कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि पंचायत प्रधान रहते हुए उन्होंने पांच वर्षों के दौरान पट्टा बरावरी पंचायत में विभिन्न विकास कार्य करवाए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार की ओर से इस वर्ष सोलन विकास खंड की पंचायतों के लिए बजट स्वीकृत किया जाता है तो विकास कार्यों के लिए उपलब्ध राशि का पंचायत समिति सदस्यों के माध्यम से समान रूप से और प्राथमिकता के आधार पर उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जमशोट, पट्टा बरावरी और हरिपुर पंचायतों में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

इस अवसर पर संजीव कुमार, प्रेम चंद कश्यप, रामानंद, गौतम चंद, प्रीतम चंद, योगराज, हेम चंद, नानक चंद, राम कौशल सहित अन्य ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। स्थानीय ग्रामीणों ने बीडीसी अध्यक्ष प्रोमिला कौशल का स्वागत किया। आयोजन के उपरांत सभी श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।



