ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत शहरोल के अंतर्गत महाराणा प्रताप समाज सेवक समिति शहरोल की ओर से रविवार को पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। समिति अध्यक्ष विनोद कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 130 पौधे रोपित किए गए।

वृक्षारोपण अभियान के तहत झडीनू, अर्जुन, बेहड़ा, आंवला तथा अनारदाना प्रजातियों के पौधे लगाए गए। समिति सदस्यों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करना भी जरूरी है।
समिति की ओर से “एक व्यक्ति–एक पौधा, एक पौधा–एक जीवन” का संदेश देते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया गया। समिति ने कहा कि आज लगाए गए पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम में समिति के सचिव राजेन्द्र कुमार ,सदस्य कर्ण, पंकज, नरेश, तारा चंद, मृदुल, धीरज, मनन, मनीष, प्रतीक्षा, तेजस, हर्षित, यतीन और सुशील कुमार मौजूद रहे।




