दिग्गल कॉलेज में अंतरविभागीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, हिंदी विभाग की टीम रही प्रथम

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-  राजकीय महाविद्यालय दिग्गल में शनिवार को अंतरविभागीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के नौ विभागों हिंदी, अंग्रेजी, राजनीति शास्त्र, अर्थशास्त्र, गणित, संगीत, समाजशास्त्र, इतिहास एवं वाणिज्य विभाग की टीमों ने भाग लिया। प्रत्येक विभाग से तीन-तीन विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।


कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. सुनीता शर्मा ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगिता के उद्देश्य एवं महत्व से अवगत करवाते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों के ज्ञान में वृद्धि के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का भी विकास होता है, जो भविष्य में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए सहायक सिद्ध होगा।


प्रतियोगिता को कुल दस चरणों में आयोजित किया गया। प्रथम चरण में विभागों से संबंधित विषयों पर आधारित प्रश्न पूछे गए, जबकि दूसरे से पांचवें चरण तक हिमाचल प्रदेश सामान्य ज्ञान पर आधारित प्रश्न रखे गए। पांचवें चरण के बाद सबसे कम अंक प्राप्त करने वाली तीन टीमों को प्रतियोगिता से बाहर कर दिया गया।
इसके बाद छठे और सातवें चरण में भारतीय सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे गए। सातवें चरण के बाद पुनः प्रदर्शन एवं प्राप्त अंकों के आधार पर तीन टीमों को प्रतियोगिता से बाहर किया गया। अंतिम तीन चरण समसामयिक घटनाक्रम पर आधारित रहे। इन चरणों में प्रतिभागियों के बीच सामान्य ज्ञान, त्वरित निर्णय क्षमता और समसामयिक विषयों की जानकारी को लेकर कड़ा मुकाबला देखने को मिला।


प्रतियोगिता में हिंदी विभाग की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। निर्णायक मंडल में डॉ. सुदर्शना शर्मा, प्रो. धर्मेंद्र कुमार एवं डॉ. मिलनप्रीत ने निष्पक्ष एवं कुशल निर्णय दिया। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. सुनीता शर्मा ने किया।
महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. हेतराम ने विजेता प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों से भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने आयोजन में योगदान देने वाले सभी आयोजकों, निर्णायकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।


इस अवसर पर डॉ. सुदर्शना शर्मा, प्रो. धर्मेंद्र कुमार, डॉ. सुनीता शर्मा, डॉ. नरेश कुमार, डॉ. मिलनप्रीत, प्रो. रीन शर्मा, राहुल, पूर्ण ठाकुर एवं सीता राम कौशल सहित महाविद्यालय के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ तथा सभी विद्यार्थियों को जलपान भी प्रदान किया गया।


LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page