ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत कुंहर के देवथल (बाड़ीधार के समीप) में वन महोत्सव के अवसर पर “प्लास्टिक प्रदूषण का अंत” थीम पर वृहद पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार उपमंडलीय विधिक सेवा समिति अर्की द्वारा सिविल कोर्ट अर्की एवं वन परिक्षेत्र कार्यालय अर्की के सहयोग से किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल जज एवं अध्यक्ष, उपमंडलीय विधिक सेवा समिति अर्की इशानी शर्मा ने देवदार का पौधा लगाकर किया। अभियान के दौरान 202 पौधों का रोपण किया गया, जिनमें 170 देवदार, 10 बेलपत्र, 10 जामुन, 10 आंवला, एक बेहड़ा तथा एक शमी का पौधा शामिल है। सभी प्रतिभागियों ने पौधों के संरक्षण तथा पर्यावरण सुरक्षा के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर सिविल जज इशानी शर्मा ने कहा कि “प्लास्टिक प्रदूषण का अंत” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही स्वच्छ, हरित एवं प्रदूषण मुक्त वातावरण का निर्माण संभव है और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

वहीं वन परिक्षेत्र अधिकारी अर्की अशोक शर्मा ने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लोगों से पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण एवं पौधरोपण अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर बार एसोसिएशन अर्की के अध्यक्ष भूपेंद्र शर्मा, बार के अन्य अधिवक्ता, ग्राम पंचायत कुंहर के प्रधान अमर सिंह ठाकुर, ग्राम पंचायत सरयांज की प्रधान हेमलता, न्यायालय के कर्मचारी, वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा स्थानीय लोगों ने पौधरोपण अभियान में भाग लिया।

कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को “प्लास्टिक प्रदूषण का अंत”, पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र के विस्तार तथा “पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ” का संदेश दिया गया।




