ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत घनागुघाट स्थित राजकीय माध्यमिक पाठशाला मांडी में गुरुवार को “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापकों, विद्यार्थियों तथा एमडीएम वर्करों ने संयुक्त रूप से विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में लगभग 30 पौधे लगाए गए। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि यह अभियान घनागुघाट क्लस्टर के अंतर्गत आने वाले सभी विद्यालयों में चलाया जा रहा है। कार्यक्रम में विद्यालय के मुख्याध्यापक अजय गौतम, पूनम शर्मा, एमडीएम वर्कर ललिता, राजकीय उच्च पाठशाला मांडी की मुख्याध्यापिका संध्या देवी सहित दोनों विद्यालयों के शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।





