प्रधानाचार्य सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में बदली मांगल विद्यालय की तस्वीर, अब सीबीएसई विद्यालय में संभालेंगे जिम्मेदारी

लगभग दस वर्षों के कार्यकाल में शिक्षा, आधारभूत सुविधाओं और शैक्षणिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में दिलाई नई पहचान, विद्यालय परिवार ने दी भावभीनी विदाई।

ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज : उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांगल के प्रधानाचार्य सुरेंद्र कुमार का शिक्षा विभाग द्वारा मेरिट के आधार पर सीबीएसई विद्यालय के प्रधानाचार्य पद पर चयन हुआ है। इसके साथ ही उनका स्थानांतरण राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पंजगाई, जिला बिलासपुर में किया गया है। लगभग दस वर्षों तक विद्यालय में सेवाएं देने के बाद उनके स्थानांतरण पर विद्यालय परिवार, स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी), पंचायत प्रतिनिधियों, अभिभावकों, पूर्व विद्यार्थियों तथा क्षेत्र के लोगों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।


अपने कार्यकाल के दौरान सुरेंद्र कुमार ने विद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता के साथ-साथ आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया। उनके नेतृत्व में विद्यालय में नए भवनों का निर्माण, भव्य मुख्य प्रवेश द्वार, सरस्वती मंदिर, आधुनिक मिड-डे मील हॉल, डिजिटल लाइब्रेरी, स्मार्ट कक्षाएं, मजबूत चारदीवारी तथा दोनों परिसरों को जोड़ने वाले पुल का निर्माण हुआ। इसके अलावा विद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई, नॉन-मेडिकल संकाय और हिमाचल प्रदेश स्टेट ओपन स्कूल (एचपीएसओएस) अध्ययन केंद्र की भी शुरुआत हुई।


विद्यालय ने उनके कार्यकाल में शिक्षा, खेल, विज्ञान, सामाजिक सेवा और अन्य सह-पाठयक्रम गतिविधियों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। वर्ष 2021-22 में विद्यालय को ‘उत्कृष्ट विद्यालय’ का सम्मान भी प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सुरेंद्र कुमार ने विद्यालय में अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और जनसहभागिता को बढ़ावा देते हुए विद्यालय की अलग पहचान बनाई। उन्होंने विद्यालय परिवार, अभिभावकों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के सहयोग से विकास कार्यों को नई गति दी।


कार्यक्रम में ग्राम पंचायत मांगल की प्रधान उर्मिला देवी, बीडीसी सदस्य सीता राम, उपप्रधान प्यारे लाल चौहान, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पवन कुमार, पूर्व एसएमसी अध्यक्ष दिदु राम ठाकुर, समाजसेवी बलदेव चौहान, ग्राम पंचायत बागा के प्रधान श्याम लाल, वरिष्ठ शिक्षक करम सिंह, कुलदीप चंद (पीईटी) तथा सुनील गौतम (अधीक्षक ग्रेड-2) सहित अन्य वक्ताओं ने सुरेंद्र कुमार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में विद्यालय को विकास और शैक्षणिक उत्कृष्टता की नई दिशा दी। सभी ने उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि वे अपने नए विद्यालय में भी इसी समर्पण और दक्षता के साथ कार्य करेंगे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page