ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ हिमाचल प्रदेश द्वारा आयोजित ‘प्राथमिक शिक्षा बचाओ न्याय यात्रा’ गुरुवार को अपने 13वें दिन अर्की के खेड़ीघाटी से बारिश के बीच शिमला के लिए रवाना हुई।बीते कल यात्रा के शालाघाट पहुंचने पर प्राथमिक शिक्षको, स्कूल प्रबंधन समिति के प्रतिनिधियों, मल्टी टास्क वर्करों तथा पंचायत प्रतिनिधियों ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया और उनके आंदोलन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।


संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि यह न्याय यात्रा प्रदेश की प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा शिक्षकों की विभिन्न मांगों के समर्थन में निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि यात्रा को प्रदेशभर में शिक्षकों, अभिभावकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों का व्यापक सहयोग मिल रहा है।

संघ के अनुसार, यह न्याय यात्रा 11 जुलाई को जिला कांगड़ा स्थित माँ बगलामुखी मंदिर, बनखंडी से प्रारंभ हुई थी। यात्रा 25 जुलाई को पैदल शिमला पहुंचेगी। इसके बाद 26 जुलाई को ऐतिहासिक चौड़ा मैदान, शिमला में विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में प्राथमिक शिक्षक भाग लेंगे।

संघ के अध्यक्ष रमेश शर्मा और महासचिव रजनीश कौशिक ने सभी शिक्षको से अधिक से अधिक संख्या में शिमला पहुंचकर प्राथमिक शिक्षा और शिक्षकों के हितों की आवाज बुलंद करने का आह्वान किया है।


