ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- राजकीय उच्च पाठशाला कोटली में चित्रक इको क्लब के मार्गदर्शन में मिशन व्हाइट अंब्रेला के अंतर्गत ढींगरी (ऑयस्टर) मशरूम उत्पादन कार्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं प्राथमिक केंद्राध्यक्ष गुरुबक्श सिंह के संयुक्त प्रयासों से विद्यालय परिसर में मशरूम की सफल खेती की गई है।

इको क्लब प्रभारी उषा कंवर के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को मशरूम उत्पादन की तकनीक, उसके पोषण मूल्य तथा स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यावहारिक शिक्षा से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें पोषण एवं स्वरोजगार के प्रति जागरूक बनाना है।

विद्यालय में तैयार की गई ढींगरी मशरूम को राजकीय प्राथमिक केंद्र पाठशाला कोटली तथा राजकीय उच्च पाठशाला कोटली के विद्यार्थियों के मिड-डे मील में भी शामिल किया गया। प्रोटीन एवं पोषक तत्वों से भरपूर मशरूम युक्त भोजन का बच्चों ने उत्साहपूर्वक आनंद लिया।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने मशरूम उत्पादन की पूरी प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से सीखते हुए कृषि, पोषण और स्वरोजगार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। विद्यालय प्रशासन ने इस पहल को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए भविष्य में भी ऐसे नवाचारात्मक कार्यक्रम जारी रखने की बात कही।





