अखिल भारतीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में रेलवे, सीआईएसएफ, पंजाब पुलिस और भटिंडा विजयी

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- युवा शक्ति बास्केटबॉल क्लब अर्की द्वारा आयोजित द्वितीय अखिल भारतीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबलों का दौर जारी रहा। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों एवं संस्थानों की टीमें भाग ले रही हैं। वहीं राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।


दिन के पहले मुकाबले में आरसीएफ रेलवे ने सराह बुल्स दिल्ली को बेहद रोमांचक मुकाबले में 74-71 से पराजित किया। मैच के अंतिम क्षणों तक दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन रेलवे की टीम जीत दर्ज करने में सफल रही।


दूसरे मुकाबले में सीआईएसएफ ने मेजबान अर्की को 64-37 के अंतर से हराया। सीआईएसएफ की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए मैच पर अपना नियंत्रण बनाए रखा।
तीसरे मैच में पंजाब पुलिस ने चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी, मोहाली को 45-27 से शिकस्त दी। मोहाली की टीम में शामिल विदेशी खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन पंजाब पुलिस का अनुभव भारी पड़ा।


दिन के अंतिम मुकाबले में भटिंडा ने हाई हूपर्स लुधियाना को 56-48 से हराकर जीत अपने नाम की। यह मुकाबला काफी रोमांचक रहा और दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि पंचायत समिति सदस्य कोटली वार्ड भूपेंद्र सागर रहे, जबकि अधिवक्ता विनिल पाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जेके एंटरप्राइजेज के ऑनर ज्योतिर्मय अंगिरष भी विशेष रूप से मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।


इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी राज मोहम्मद खान की प्रभावशाली कमेंट्री आकर्षण का केंद्र रही।

आयोजन समिति के अध्यक्ष नवीन कुमार सहित मुकुल शर्मा, सुमित शर्मा, जितेंद्र, कार्तिकेय, रक्षम धीमान, हर्षित गुप्ता और जतिन गुप्ता सहित अन्य सदस्यों ने प्रतियोगिता के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी चौगान मैदान पहुंचे। आयोजकों ने बताया कि आगामी मुकाबलों में भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे, जिससे प्रतियोगिता और अधिक रोमांचक होने की उम्मीद है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page