अर्की महाविद्यालय में 1 जून से शुरू होगी प्रवेश प्रक्रिया, इस सत्र से एमए की भी मिलेगी सुविधा

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- राजकीय महाविद्यालय अर्की में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया 1 जून से आरंभ होगी। महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जाएगी, जो 19 जून तक जारी रहेगी। महाविद्यालय में इस वर्ष नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के तहत बीए, बीएससी, बीकॉम तथा बीसीए प्रथम वर्ष में सेमेस्टर प्रणाली लागू की जाएगी, जबकि द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए वार्षिक प्रणाली यथावत रहेगी।


महाविद्यालय प्राचार्या सुनीता शर्मा ने बताया कि प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी महाविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने क्षेत्र के अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं से महाविद्यालय में प्रवेश लेकर उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।


प्राचार्या ने बताया कि राजकीय महाविद्यालय अर्की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। यहां अनुभवी एवं समर्पित शिक्षकों के साथ-साथ समृद्ध पुस्तकालय की सुविधा उपलब्ध है, जो विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष से महाविद्यालय में इग्नू का परीक्षा केंद्र भी शुरू हो गया है, जिससे अर्की क्षेत्र के विद्यार्थियों को परीक्षा देने के लिए शिमला, सोलन या बिलासपुर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।


उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में स्नातक पाठ्यक्रमों के अतिरिक्त बीसीए, पीजीडीसीए तथा विभिन्न ऐड-ऑन कोर्स भी संचालित किए जा रहे हैं। वहीं इस शैक्षणिक सत्र से विद्यार्थियों को अंग्रेजी, हिंदी, इतिहास और राजनीति शास्त्र विषयों में एमए करने का अवसर भी मिलेगा, जिससे क्षेत्र के छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
प्राचार्या सुनीता शर्मा ने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक सुविधाएं और रोजगारोन्मुखी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page